Showing posts with label Salty- prices- increased. Show all posts
Showing posts with label Salty- prices- increased. Show all posts

Wednesday, May 25, 2016

दालें महंगी तो नमकीन भी महंगा

बिजनेस रिपोर्टर . कोटा
 लगातार खाद्य तेलों एवं दालों के भावों में बढ़ोतरी का असर नमकीन पर भी पड़ने लगा है। शहर के नमकीन विक्रेताओं ने नमकीन के दाम 20 रुपए किलो बढ़ा दिए हैं। बाजार में सोया रिफाइंड तेल के नमकीन जहां 120 से 140 रुपए किलो मिल रहे हैं। वहीं मूंगफली तेल के नमकीन 180 से 220 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं।
 जय जिनेन्द्र नमकीन के संचालक राजेन्द्र जैन ने बताया कि बेसन 75 रुपए किलो हो गया है। तेल भी महंगा है ऐसे में नमकीन के रेट 20 रुपए किलो बढ़ाए हैं। एसएस डेयरी के राजीव मेहता ने बताया कि पहले 160 रुपए किलो थे अब 180 रुपए किलो हो गए हैं। मूंगफली तेल का टिन 1900 रुपए का हो गया। दालें महंगी हैं तो नमकीन का रेट बढ़ना स्वाभाविक है। जोधपुर नमकीन के संचालक हीरेंद्र वैष्णव का कहना है कि उन्होंने नमकीन के रेट नहीं बढ़ाए। हालांकि तेल, मसाले एवं बेसन सब के दाम बढ़ चुके हैं। पिछले काफी समय से वे 220 रुपए किलो नमकीन बेच रहे हैं।
 बाजार में दो तरह के तेल के नमकीन बिकते हैं। सोयाबीन रिफाइंड तेल के नमकीन जो 120 रुपए किलो बेच रहे थे। उन्होंने भी दाम बढ़ाकर 140 रुपए कर दिए हैं। इसके अलावा थोक में नमकीन का कारोबार करने वाले विक्रेताओं ने भी 100 रुपए किलो से बढ़ाकर दाम 120 रुपए किलो कर दिए हैं। नमकीन विक्रेताओं का कहना है कि पहले बेसन 45 से 50 रुपए किलो आ रहा था, जो एक महीने से 70 से 75 रुपए किलो के आसपास पहुंच गया। इस बार मूंगफली तेल नई फसल के सीजन में भी कम नहीं हुआ। 1600 रुपए का टिन बढ़कर 1800 से 1900 रुपए हो गया। इसलिए नमकीन के दाम बढ़ा दिए हैं।