Showing posts with label failed-transaction-at-atm-what-to-do-. Show all posts
Showing posts with label failed-transaction-at-atm-what-to-do-. Show all posts

Friday, May 9, 2014

एटीएम से पैसे नहीं निकले लेकिन खाते से कट गए, क्या करें? -

दिनेश माहेश्वरी
कोटा। कई बार आप एटीएम से पैसे निकालने के लिए ट्रांजेक्शन करते हैं और ट्रांजेक्शन फेल हो जाता है, लेकिन आपके खाते से पैसे कट जाते हैं। ऐसे समय घबराएं नहीं, बल्कि धीरज से काम लें। कुुछ कदम उठाकर आप अपने पैसे वापस पा सकते हैं। बैंकों के सर्वर हैंग होने के कारण आपके द्वारा एंट्री की गई रकम नहीं निकलती, लेकिन आपके खाते में से कट जाती है। अगर आपके पास एसएमएस अलर्ट सुविधा है, तो तुरंत एसएमएस आ जाएगा। ऐसे में कुछ देर एटीएम पर रुक कर इंतजार कर लें, क्योंकि कई बार एटीएम देर से नोट देती है। अगर आप चले गए, तो हो सकता है आपके पैसे किसी और के हाथ लग जाएं।
  अगर आपके पास एसएमएस अलर्ट सुविधा नहीं है, तो भी फेल ट्रांजेक्शन के कुछ समय बाद तक एटीएम पर रुके रहें। कुछ समय बाद या अगले दिन एटीएम पर जाकर बैलेंस जरूर चेक कर लें। अगर पैसे कट गए, तो इन्हें पैसा वापस लेने के लिए आपको कुछ कदम उठाने होंंगे। ग्राहक को अपने बैंक में जाकर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराना चाहिए। यह काम जल्दी से जल्दी करें, तो बेहतर होगा। अगर आपके पास डेबिट कार्ड किसी और बैंक का है और आपने ट्रांजेक्शन किसी दूसरे बैंक से किया है, तो भी आप अपने बैंक में शिकायत दर्ज कराएं। अगर दूसरे बैंक की एटीएम किसी शाखा के पास हो, तो वहां भी जाकर शिकायत दर्ज करा दें, ताकि दोनों बैंक आपस में तालमेल कर सकें।

    रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के मुताबिक बैंक को आपकी शिकायत पर तुरंत कार्यवाही करनी होगी। बैंक को फेल ट्रांजेक्शन के पैसे आपके खाते में शिकायत की तारीख के 7 कारोबारी दिन में वापस करने होंगे। सात दिन के बाद पैसे लौटाने पर बैंक आपको हर दिन के हिसाब से क्षतिपूर्ति देगा।
    अगर ग्राहक किसी कारण से फेल ट्रांजेक्शन की शिकायत नहीं करता, तो भी बैंक को 7 दिन में आपका पैसा आपको वापस करना ही होगा लेकिन ऐसे में आप देरी के लिए क्षतिपूर्ति नहीं पा सकेंगे।
   अगर बैंक को शिकायत करने के बाद भी आपका पैसा वापस नहीं आया, तो ग्राहक इसकी शिकायत बैंकिंग लोकपाल (बैंकिंग ओम्बड्समैन) को कर सकते हैं। यह संस्था बैंकों से संबंधित सभी शिकायतों की सुनवाई और कार्रवाई करती है।