Showing posts with label new-sim-card-will-get-thumb-impression-. Show all posts
Showing posts with label new-sim-card-will-get-thumb-impression-. Show all posts

Wednesday, August 17, 2016

अंगूठे के निशान से मिलेगा नया सिम कार्ड

दिनेश माहेश्वरी 
कोटा।  केंद्र सरकार सिम कार्ड सत्यापन की प्रक्रिया सरल बनाने जा रही है। इसके तहत आने वाले दिनों में मोबाइल सिम कार्ड लेने के लिए बायोमीट्रिक मशीन पर अंगूठे का निशान देना होगा। इसके जरिए टेलीकॉम कंपनियां सत्यापन की प्रक्रिया तत्काल पूरी कर लेंगी और कुछ ही देर में नए सिम कार्ड को चालू कर दिया जाएगा। सितंबर के अंत तक नई प्रक्रिया सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रमुख केंद्रों से शुरू हो जाएंगी। इसके बाद नई व्यवस्था को आगे बढ़ाया जाएगा।
आधार से होगा मिलान
सिम सत्यापन की प्रक्रिया को कागज रहित करने के लिए आधार कार्ड से जोड़ा जाएगा। इसमें नया सिम खरीदने वाले ग्राहक से सत्यापन के लिए कोई दस्तावेज नहीं मांगा जाएगा। शर्त बस इतनी है कि उसके पास आधार कार्ड हो। नई प्रक्रिया के तहत ग्राहक को सिर्फ अंगूठे या अंगुलियों का निशान टेलीकॉम कंपनियों को देना होगा। इस निशान से आनलाइन सॉफ्टवेयर से जुड़ी मशीन स्वत: आधार कार्ड के निशान से समानता जांचेगी। मिलान होते ही सिम कार्ड चालू हो जाएगा। यानी सत्यापन के साथ ही नया सिम शुरू।
सबको फायदा होगा
दूरसंचार मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि आधार लिंक व्यवस्था से सिम हाथों-हाथ शुरू होगा। पहले से चल रहे सिम को कंपनियां नहीं बेच सकेंगी। साथ ही ग्राहक के सत्यापन में आ रहे टेलीकॉम कंपनियों के खर्च में भी कमी आएगी और ग्राहकों के लिए सिम का शुल्क भी घटेगा।
कंपनियों ने किया स्वागत
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक आधार के सर्वर से ग्राहक का सत्यापन किया जाएगा। वैसे तो अंगूठे के निशान को प्राथमिकता दी गई है, लेकिन कोई परेशानी होने पर अन्य अंगुलियों से भी निशान दिया जा सकेगा। टेलीकॉम कंपनियां ने सरकार की इस पहल का स्वागत किया है।