Showing posts with label bank -account. Show all posts
Showing posts with label bank -account. Show all posts

Tuesday, February 3, 2015

मोबाइल नंबर से खुलेगा बैंक अकाउंट

 दिनेश माहेश्वरी 
कोटा। अब बैंक अकाउंट खोलने के लिए आपको डॉक्युमेंट्स की लंबी लिस्ट बनाने की जरूरत नहीं होगी। जल्द ही आप अपने मोबाइल नंबर से बैंक अकाउंट खोल पाएंगे। यही नहीं मोबाइल नंबर के जरिए इंश्योरेंस कराने से लेकर जमीन भी खरीद सकेंगे। सरकार इस योजना पर तेजी के साथ काम कर रही है। इसके लिए मोबाइल नंबर को आधार कार्ड से जोड़ा जाएगा। बैंक खाते खोलने के लिए कोई और दस्तावेज देने की जरूरत नहीं होगी। केवल अपना मोबाइल नंबर देना होगा। 75 लाख आधार कार्डधारक सीधे इससे जुड़ेंगे और हर नागरिक को 1 जीबी का डिजिटल लॉकर मिलेगा।
क्या होगी प्रक्रिया
सरकार ग्राहकों के आधार नंबर को मोबाइल से जोड़ेगी। आधार कार्ड की बॉयोमीट्रिक डिटेल्स और मोबाइल नंबर मिलाकर एक कॉमन पासवर्ड जेनरेट किया जाएगा। उस पासवर्ड को धारक को दिया जाएगा। आधार कार्ड से मोबाइल नंबर जुड़ने के बाद उस कॉमन पासवर्ड से मोबाइल धारक की पूरी जानकारी कुछ ही मिनटों में बैंक पा सकेंगे और उसी आधार पर बैंक अकांउट खोलेंगे। वित्त मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार आरंभ में इस योजना को बैंक अकाउंट में खाता खोलने तक सीमित रखा जाएगा। बाद में इसी पासवर्ड का इस्तेमाल अन्य सरकारी कामों में भी किया जा सकेगा।
क्या होगा इसका फायदा
मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि इससे आम लोगों को काफी फायदा होगा। आधार कार्ड को साथ रखना और उसके नंबर को याद करना सबसे मुश्किल है। आम आदमी अपने साथ हमेशा मोबाइल रखता है और उसका नंबर उसे याद रहता है। जिस तरह से डेबिट कार्ड का इस्तेमाल पासवर्ड के जरिए किया जाता है, उसी तरह से अगर मोबाइल नंबर के साथ पासवर्ड देने से किसी का पूरी जानकारी मिल जाएगी तो बैंक और इंश्योरेंस कंपनियों को किसी तरह के कागजी दस्तावेजों की जरूरत नहीं होगी।
ATM से जरिए बैंक अकाउंट से लिंक कराएं अपना आधार
यदि आप एसबीआई बैंक के ग्राहक हैं और आपके पास एटीएम कार्ड है तो बैंक एकाउंट को एटीएम कार्ड के जरिए ही आधार नंबर से लिंक कर सकते हैं। एसबीआई ने अपने ग्राहकों को सुविधा देने यह योजना पूरे देश में एक साथ शुरू की है। ये सुविधा आज से पूरे देश में लागू की गई है। डायरेक्ट बेनीफिट टू ट्रांसफर एलपीजी (डीबीटीएल) गैस सब्सिडी स्कीम का लाभ लेने लोगों को अकाउंट नंबर को आधार नंबर से लिंक करवाने को कहा जा रहा है। फिलहाल, लोगों को फार्म भरकर बैंक में देना पड़ता है। इसके बाद वहां से लिंक किया जाता है। कई ग्राहक जानबूझकर या गलती से सही जानकारी नहीं दे रहे हैं। बैंक में पेंडेंसी बढ़ती जा रही है। बैंक ने समस्या से निपटने के लिए पेंडेंसी खत्म करने का तरीका खोज लिया है। बैंक ने ग्राहकों से कहा है कि अब वे एटीएम कार्ड और ऑनलाइन बैंकिंग के जरिए अपने एकाउंट नंबर को आधार नंबर से लिंक कर सकते हैं