Showing posts with label your-smartphone-into-a-remote-control. Show all posts
Showing posts with label your-smartphone-into-a-remote-control. Show all posts

Sunday, May 8, 2016

स्मार्टफोन को बनाएं कंप्यूटर का माउस

कुछ खास एप की मदद से स्मार्टफोन को कंप्यूटर के रिमोट में तब्दील किया जा सकता है। इन एप के जरिए आपका स्मार्टफोन कंप्यूटर के कीबोर्ड और माउस का काम करने लगेगा। आप फोन पर जो टाइप करेंगे वह आपके कंप्यूटर पर टाइप होगा । इतना ही नहीं फोन से ही कंप्यूटर पर मूवी, स्लाइड्स, पावरप्वाइंट आदि खोले जा सकते हैं। ये एप स्मार्टफोन को वाईफाई या ब्लूटूथ के जरिए कनेक्ट करते हैं। कंप्यूटर पर यूट्यूब वीडियो को फोन से नियंत्रित करने के लिए कोई एप भी डाउनलोड नहीं करना होगा। स्मार्टफोन को कंप्यूटर का रिमोट बनाने के उपाय बता रहे हैं हम ...
फोन से कंप्यूटर पर चलाएं यूट्यूब 
कंप्यूटर पर यूट्यूब वीडियो देखते समय उसे फोन से ही नियंत्रित कर सकते हैं। उदाहरण के लिए अगर आप कंप्यूटर पर यूट्यूब वीडियो को आगे बढ़ाना चाहते हैं या फिर कोई नई वीडियो खोलना चाहते हैं तो स्मार्टफोन से ही ऐसा कर सकते हैं। इसके लिए कंप्यूटर तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए कोई एप भी डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए सबसे पहले अपने कंप्यूटर में यूट्यूब खोलने के लिए   YouTube.com/tv यूआरएल का इस्तेमाल करें। इस लिंक से यूट्यूब एक नए लुक में खुलेगा। इसके बाद बाईं ओर दिए गए तीन डॉट के आइकन पर क्लिक करें। यहां जाने के बाद सेटिंग के विकल्प में जाएं। सेटिंग में पेयर डिवाइस के विकल्प पर जाएं। यहां स्मार्टफोन से कंप्यूटर जोड़ने का एक कोड दिया गया होगा। उस वाई-फाई नेटवर्क से आपका स्मार्टफोन जोड़ें जिससे कंप्यूटर पर इंटरनेट चल रहा है। इसके बाद अपने फोन में youtube.com/pair पर जाएं। यहां दिए गए बॉक्स में कंप्यूटर के यूट्यूब के पेयर कोड को पेस्ट कर दें। इसके बाद आपके फोन पर कंप्यूटर की स्क्रीन दिखने लगेगी। फोन पर यूट्यूब एप में जो देखेंगे वह कंप्यूटर पर दिखने लगेगा।
फोन पर एप से चलाएं कंप्यूटर 
स्मार्टफोन यूजर रिमोट माउस एप्लीकेशन से अपने फोन को कीबोर्ड और माउस के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे ट्रैकपैड के तौर पर ही उपयोग किया जाता  है। जबकि माउस के लिए किसी भी आकार का स्मार्टफोन इस्तेमाल कर सकते हैं और कीबोर्ड के लिए बड़ी स्क्रीन वाला फोन या टैब ही इस्तेमाल करना फायदेमंद रहता है। इस एप को गूगल प्ले स्टोर और एपल के आईट्यून स्टोर से मुफ्त  में डाउनलोड किया जा सकता है। इसके अलावा एपल यूजर के लिए कंपनी वॉयस टाइपिंग का फीचर भी दे रही है।
ऐसे बनाएं फोन को रिमोट
रिमोट माउस की वेबसाइट www.remotemouse.net/ पर जाकर इस एप्लीकेशन को सबसे पहले कंप्यूटर में डाउनलोड कर लें। इसके बाद इसे अपने स्मार्टफोन पर गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करें। कंपनी मोबाइल और कंप्यूटर को जोड़ने के लिए लिए वाई-फाई या ब्लुटूथ का इस्तेमाल करती है। इसके जरिए कंप्यूटर पर ब्राउजिंग, टास्क मैनेजर, ऑडियो-वीडियो प्लेयर, इमेज व्यूअर आदि चीजों का इस्तेमाल फोन के जरिए ही कर सकते हैं। 
ऐसे करें इस्तेमाल
स्मार्टफोन को माउस के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए मोबाइल पर दो उंगलियां रखें जो माउस के राइट और लेफ्ट क्लिक का काम करती हैं। आप इन उंगलियों को आगे पीछे करने से माउस की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे ही मोबाइल पर टाइप करने से वह कंप्यूटर में लिखा दिखाई देगा। इस एप को इस्तेमाल करते हुए आपके मोबाइल की डिस्प्ले का रंग हरा हो जाएगा। कंपनी ने इसमें सेटिंग का विकल्प दिया है जिससे ट्रैक पैड को नियंत्रित किया जा सकता है।