Friday, May 27, 2016

इजरायल देखा नहीं और इजरायल तकनीक से खेती की सलाह

 दिनेश महेश्वरी ।  कोटा
 किसानों ने इजरायल देखा नहीं और कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने इजरायल तकनीक से खेती की सलाह दे डाली। मंत्री ने यह सलाह भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों को उस समय दी जब वे सर्किट हाउस में लहसुन भामाशाह मंडी में बिकवाने की मांग को लेकर उनसे मिलने गए थे।
 मंत्री की सलाह पर भारतीय किसान संघ के प्रदेश मंत्री जगदीश शर्मा ने कहा कि इजरायल में कैसे खेती होती है। उन्होंने नहीं देखी। पहले दिखाओ तभी तो इजरायल तकनीक से खेती होगी।  इस पर सैनी ने कहा कि पिछली बार किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल को इजरायल का दौरा कराया था। उसमें कोटा से भी कई किसान गए थे। शर्मा ने कहा यहां से तो कोई नहीं गया। तब सैनी पलटे और तुरंत कहा, गए तो थे, हो सकता है यहां से कोई नहीं गया हो। टोंक (उनके गृह जिले) और निर्वाचन क्षेत्र अंता  से भी कोई नहीं गया।
 इसके बाद भारतीय किसान संघ की ओर से शर्मा ने कृषि मंत्री को कहा कि लहसुन की नीलामी भामाशाह मंडी में भी होनी चाहिए। इससे किसानों को फायदा है। दो मंडियों में लहसुन की नीलामी होगी तो किसानों को प्रतिस्पर्धा में दाम अच्छे मिलेंगे। उनके साथ किसान संघ के अमरचंद गहलोत समेत कई प्रतिनिधि मौजूद थे। उन्होंने इस मौके पर थोक फल-सब्जी मंडी को चंद्रेसल में शिफ्ट करने और भामाशाह मंडी के विस्तार की भी अपील की। उन्होंने कहा कि थोक फल-सब्जी मंडी में सुबह आठ बजे बाद जाम के कारण किसान अंदर माल लेकर जा नहीं सकते। वहीं 125 एकड़ में फैली भामाशाह मंडी में गेहूं समेत कई जिंस के रोड पर ऑक्शन होते हैं। इसका विस्तार हो जाए तो यह समस्या खत्म हो जाएगी। सैनी ने उन्हें बताया कि मंडी के विस्तार के लिए कंसलटेंट नियुक्त किया जा चुका है, जो एक साल में रिपोर्ट देगा।


0 comments:

Post a Comment