Saturday, May 16, 2015

अब वॉट्सएप पर शॉपिंग का मजा

कोटा। ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट्स की तर्ज पर अब कोटा जैसे स्मार्ट सिटी  में भी वॉट्सएप के जरिए भी बिजनेस होने लगा है। नामी शॉपिंग वेबसाइट्स की तरह ही इसमें ऑनलाइन ऑर्डर और होम डिलेवरी की जाती है। खास बात यह है कि इस बिजनेस में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं, जो ग्राहकों और डीलर के बीच मिडिएटर का काम करके मार्जिन मनी भी कमा रही है। शॉपिंग का यह नया फंडा इन दिनों शहर में खूब चल रहा है।
इस तरह होता है बिजनेस
वॉट्सएप पर सबसे ज्यादा कपड़े, एक्सेसरीज, फुटवियर और बैग जैसी चीजें बेची जा रही है। वॉट्सएप पर ग्रुप बनाकर महिलाएं उस पर प्रोडक्ट्स की तस्वीरें और अन्य जरूरी जानकारी अपलोड करती जाती है। कोई चीज पसंद आने पर ग्राहक ग्रुप पर ही उसकी बुकिंग कर देते हैं। इसमें एडवांस पैमेंट नेट-बैंकिंग के जरिए किया जाता है। घर के आसपास का क्षेत्र होने पर महिलाएं सीधे मिलकर भी पैमेंट कलेक्ट कर लेती हैं। फिर ये मिडिएटर महिलाएं बुकिंग की जानकारी और पैमेंट डीलर्स तक पहुंचा देती है और डीलर वह प्रोडक्ट सीधे ग्राहक तक कुरियर कर देते हैं।
जीरो इन्वेस्टमेंट और मार्केट से पहले डिलीवरी
इस बिजनेस की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बिना किसी इन्वेस्टमेंट के भी शुरू किया जा सकता है। कपड़ों के अधिकांश डीलर सूरत, दिल्ली और मुंबई के हैं, जिन्हें प्रत्येक शहर में अपना माल बेचना होता है। इनसे शहर की कई महिलाएं संपर्क में हैं। उत्पादक जैसे ही नए कैटलॉग जारी करते हैं, डीलर उन्हें खरीद लेते हैं।
चूंकि मार्केट में आने से पहले यह कैटलॉग वॉट्सएप पर लांच होता है इसलिए मार्केट के एक महीने पहले नया स्टॉक यहां मिल जाता है। इस तरह वॉट्सएप पर बिजनेस करते हुए 15-20 प्रतिशत मार्जिन मनी बतौर प्रॉफिट निकाल ली जाती है।
स्टॉक रखने का झंझट नहीं
वॉट्सएप पर ऑर्डर लेते समय सीधे डीलर से कस्टमर तक सामान पहुंचाया जाता है। यानी जो भी सामान बेचा जा रहा है उसका स्टॉक मिडिएटर महिलाओं को नहीं रखना होता। इससे सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि सामान बचने और आउट ऑफ फैशन होने का खतरा नहीं होता।
घर पर किसी तरह का झंझट और अलग से जगह की व्यवस्था भी नहीं करनी पड़ती। पीस में खराबी होने पर सीधे डीलर को वापस भेज दिया जाता है। कई बार मिडिएटर पूरा कैटलॉग भी डीलर्स से खरीद लेते हैं, ऐसे में कुछ पीस न बिकने पर ऑफर्स और एंड ऑफ द सीजन सेल के जरिए भी स्टॉक क्लियर किया जाता है।



0 comments:

Post a Comment