Wednesday, April 30, 2014

गूगल लाएगी स्मार्टवॉच एंड्रॉयड वियर

 कोटा।  गूगल भी वियरेबल्स की दौड़ में शामिल हो गया है। कंपनी ने कहा है कि वह इस साल के अंत तक एंड्रॉयड मोबाइल सॉफ्टवेयर बेस्ड वियरेबल स्मार्टवॉच 'एंड्रॉयड वियर' को पेश कर सकती है।
गूगल ने एंड्रॉयड वियर की जानकारी देने वाला वीडियो जारी किया है। इस स्मार्टवॉच की खास बात यह है कि यह गोल आकार में पेश की गई है, जबकि अभी तक की स्मार्टवॉच चौकोर थीं। इसे दो डिजाइनों में डार्क मेटल फिनिश में पेश किया जाएगा और ग्रे लेदर बैंड का विकल्प भी होगा।
गूगल के मुताबिक यूं तो एंड्रॉयड वियर सभी तरह के वियरेबल्स डिवाइसेज के रूप में पेश किया जा सकता था, लेकिन कंपनी का खास ध्यान स्मार्टवॉच बाजार पर है। वियरेबल कम्प्यूटर्स को अगला बड़ा बाजार माना जा रहा है और बड़ी-बड़ी कंपनियां इसमें कदम जमाने की तैयारी कर रही हैं।
इसके लिए कंपनी ने कई कन्ज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों के साथ करार किया है। इनमें सैमसंग, एलजी, मोटोरोला, एचटीसी, एसस व इंटेल भी शामिल हैं। स्मार्टवॉच का डिजाइन बनाने के लिए गूगल ने फैशन कंपनी फॉसिल ग्रुप के साथ भी हाथ मिलाया है।
एंड्रॉयड वियर को लाने के पीछे गूगल का मकसद यूजर को वे सभी जानकारियां मुहैया कराना है, जो वह अपने स्मार्टफोन या दूसरे गैजेट से दूर होने पर नहीं पा सकता। इसमें स्पोर्ट्स के स्कोर, म्युजिक, टेक्स्ट मैसेजेस, रिमोट से अपने घर के दरवाजों और उपकरणों को ऑपरेट करना, मौसम की जानकारी, ड्राइविंग डायरेक्शन वगैरह काम शामिल हैं। एंड्रॉयड वियर को हेल्थ मॉनीटर मार्केट से भी जोड़ा जाएगा।गूगल इससे पहले गूगल ग्लास के रूप में एक वियरेबल ग्लास ला चुकी है। इसमें वीडियो रिकॉर्ड करने, ईमेल एक्सेस, ड्राइविंग डायरेक्शन देना तथा वेब से जानकारी लेना जैसे फीचर्स हैं।

0 comments:

Post a Comment