Wednesday, April 23, 2014

कोटा में दोगुना से भी अधिक हो गए करोड़पति

दिनेश  माहेश्वरी
कोटा।
  आयकर विभाग के कोटा चार्ज में शामिल पांचों जिलों में करोड़पतियों की संख्या इस साल बढ़कर 4351 हो गई है। पिछले साल से करोड़पतियों की संख्या में 2388 का इजाफा हुआ है। वर्ष 2012-13में संभाग में केवल 1963  करोड़पति थे। वहीं वर्ष 2011-12  में 10 लाख रुपए से ज्यादा टैक्स देने वाले करदाताओं की संख्या 2408 थी।
कोटा (चार्ज) के करदाताओं ने समाप्त हुए वित्त वर्ष 2013-14 में 602 करोड़ रुपए इनकम टैक्स दिया है, जो पिछले वित्त वर्ष 2012-13 से 28 करोड़ रुपए ज्यादा है। पिछले वित्त वर्ष में आयकर विभाग को 574 करोड़ रुपए का टैक्स प्राप्त हुआ था। आयकर आयुक्त प्रेमप्रकाश ने बताया कि कोटा चार्ज में इस बार टैक्स में ग्रोथ कम रहने की वजह दो मेजर इंडस्ट्रीज सीमेंट और फर्टिलाइजर्स में कम उत्पादन रहा है।
अत्यधिक बारिश के कारण दोनों इंडस्ट्रीज पर असर पड़ा है। कोटा चार्ज में कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़ एवं सवाईमाधोपुर जिले के 1.96 लाख करदाता शामिल हैं। पांच लाख से अधिक आय वाले करदाताओं ने पहली बार ऑनलाइन रिटर्न फाइल की है। इससे पहले 10 लाख रुपए से अधिक आय वाले करदाताओं के लिए ही ऑनलाइन रिटर्न फाइल करने का नियम था। वित्त वर्ष 2012-13 में करदाताओं ने 574 करोड़ रुपए का टैक्स दिया था। इसमें से रिफंड देने के बाद  जो वर्ष 2011-12 से 109 करोड़ रुपए अधिक था। पिछले वित्त वर्ष की तुलना में समाप्त हुए वित्त वर्ष 2013-14 में मात्र 28 करोड़ रुपए ही टैक्स बढ़ा है, जो कुल बढ़ोतरी का मात्र 4.87 प्रतिशत ही है। इसके पहले 23 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी।
एक करोड़ से ज्यादा आयकर देने वाली 15 कंपनियां
आयुक्त ने बताया कि कोटा चार्ज में 50 लाख रुपए से अधिक टैक्स देने वालों की संख्या समाप्त हुए वित्त वर्ष के अंत तक बढ़कर 30 हो गई है। इससे पहले वित्त वर्ष 2012-13 में यह संख्या 23 थी। कार्पोरेट सेक्टर में 15 कंपनियां ऐसी हैं, जिन्होंने एक करोड़ रुपए से अधिक आयकर दिया है। इसमें शहर के पांच प्रमुख कोचिंग संस्थान भी शामिल हैं।
34 आयकर सर्वे किए 

 आयकर विभाग ने इस बार पूरे वित्त वर्ष में 34 सर्वे कर 42.38 करोड़ रुपए की अघोषित संपत्ति का पता लगाया है। आयुक्त ने बताया कि इस बार छोटे कस्बों में भी सर्वे किए हैं। जिसमें हिंडौली, गंगापुर सिटी एवं बूंदी आदि शामिल हैं। इससे पूर्व वित्त वर्ष में मात्र 9 सर्वे हुए थे, जिसमें 11.50 करोड़ रुपए अघोषित आज उजागर हुई थी।
30 हजार नए करदाता जुड़े

आयुक्त ने बताया कि कोटा चार्ज में इस बार 30 हजार 664 नए करदाता जुड़े हैं। इससे पहले 1 लाख 66 हजार 722 करदाता थे। नए करदाताओं को मिलाकर अब 1 लाख 96 हजार 386 करदाता हो गए हैं। आयुक्त के मुताबिक समाप्त हुए वित्त वर्ष में 177 करोड़ रुपए के रिफंड दिए गए। इससे पिछले वित्त वर्ष में 150 करोड़ रुपए के रिफंड दिए गए थे। यानी इस बार 27 करोड़ रुपए के रिफंड अधिक दिए।

0 comments:

Post a Comment